किसान भाई जानते हैं कि अच्छा ट्रैक्टर खेती का सबसे बड़ा साथी होता है। इसी कड़ी में महिंद्रा का ग्रोमैक्स एग्री इक्विपमेंट ने एक झटके में आठ नए ट्रैक्टर उतारे हैं, जो छोटे-बड़े खेतों के लिए बिल्कुल फिट बैठते हैं। ये ट्रैक्टर दो पहिया ड्राइव (2WD) और चार पहिया ड्राइव (4WD) वाले हैं, और इनमें भारत का पहला 50 हॉर्सपावर से कम कैबिन वाला मॉडल भी शामिल है।
कंपनी ने त्योहारों के मौके पर किसानों को लुभाने के लिए खास ऑफर और गिफ्ट की व्यवस्था की है। ग्रोमैक्स, जो महिंद्रा एंड महिंद्रा और गुजरात सरकार का जॉइंट वेंचर है, ने इन ट्रैक्टरों को भारतीय खेती की हर जरूरत को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है। चाहे बागबानी हो, धान की रोपाई हो या भारी ढुलाई, ये ट्रैक्टर सब कुछ आसान बना देंगे।
ट्रैकस्टार कवच सीरीज
ग्रोमैक्स ने ट्रैकस्टार कवच सीरीज के तहत सब-50 एचपी का पहला फैक्ट्री-फिटेड कैबिन ट्रैक्टर लॉन्च किया है, जो किसानों को मौसम की मार से बचाएगा। अभी नॉन-एसी वर्जन आया है, लेकिन जल्द ही एसी वाला भी बाजार में होगा। ये ट्रैक्टर ग्रोमैक्स के पावरफुल डीजल इंजन और स्मूथ गियरबॉक्स से लैस हैं, जो ईंधन बचाते हैं और लंबे समय तक चलते हैं। ट्रैकस्टार 545 4WD और 550 4WD मॉडल्स कैबिन के साथ आते हैं, जो बारिश हो या धूप, किसान को आराम देते हैं। छोटे किसान जो सुपारी या अरेका नट की खेती करते हैं, उनके लिए ये ट्रैक्टर वरदान साबित होंगे।
छोटे खेतों के लिए खास डिजाइन
कई किसान छोटे खेतों में अंतर-फसल उगाते हैं, जहां चौड़े ट्रैक्टर की जगह संकरे वाले की जरूरत पड़ती है। ग्रोमैक्स ने ट्रैकस्टार 525 4WD NT लॉन्च किया है, जो सिर्फ 33 इंच चौड़ाई वाला है। यह 25 एचपी का मॉडल बागबानी और तंग कतारों वाली फसलों के लिए बिल्कुल सही है। इसी तरह, ट्रैकस्टार 525 2WD भी 25 एचपी का है, जो बागवानी के कामों को आसान बनाता है। ये ट्रैक्टर कम जगह में घूमते हैं और ईंधन की कम खपत करते हैं, जिससे छोटे किसानों की जेब खुश रहती है।
ये भी पढ़ें- किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! फ्री में मिलेगा मटर, चना और मसूर का बीज – जानें कैसे
भारी कामों के लिए हाई टॉर्क मॉडल
भारी ढुलाई और पडलिंग जैसे कठिन कामों के लिए ग्रोमैक्स ने ट्रैकस्टार 540 HT लॉन्च किया है, जो 40 एचपी का दमदार मॉडल है। यह ट्रैक्टर आलू की खेती और धान की रोपाई में कमाल करेगा। ट्रैकस्टार 540 ऑर्चर्ड 40 एचपी का है, जो अरेका नट की खेती के लिए देश का पहला ट्रैक्टर माना जा रहा है। 45 एचपी का ट्रैकस्टार 545 4WD बहुउद्देशीय है, जो ढुलाई से लेकर हर कृषि काम संभाल लेगा। सबसे ऊपर 50 एचपी का ट्रैकस्टार 550 4WD आलू और पडलिंग के लिए शानदार है, जबकि ट्रैकस्टार 550 HT हेवी हॉलिंग के लिए बना है। ये सभी मॉडल किसानों की मेहनत को आसान बनाएंगे।
त्योहारी खुशियां दोगुनी, ऑफर और गिफ्ट से किसान खुश
ये नए ट्रैक्टर अक्टूबर 2025 से ग्रोमैक्स के डीलरों पर उपलब्ध होंगे। त्योहारों के मौके पर कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के डीलरों पर हर ट्रैक्टर खरीदने पर स्पेशल स्कीम और गारंटीड गिफ्ट मिलेंगे। किसान भाई जल्दी डीलर से संपर्क करें, क्योंकि त्योहारी सीजन में ये ऑफर सीमित समय के लिए हैं। इससे न केवल ट्रैक्टर सस्ता पड़ेगा, बल्कि एक्स्ट्रा सामान भी फ्री मिलेगा।
ग्रोमैक्स की ताकत, किसानों का भरोसेमंद साथी
महिंद्रा एंड महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने कहा कि ग्रोमैक्स का लक्ष्य किसानों को ज्यादा लाभ पहुंचाना है। इन आठ ट्रैक्टरों से भारतीय खेती की हर चुनौती का सामना किया जा सकेगा। गुजरात के वडोदरा में ग्रोमैक्स का 55 एकड़ का प्लांट आधुनिक तकनीक से लैस है, जहां ट्रैक्टर बनने से लेकर टेस्टिंग तक सब कुछ होता है। ये ट्रैक्टर न केवल मजबूत हैं, बल्कि किसानों की जिंदगी को आसान बनाने के लिए बने हैं।
ये भी पढ़ें- बिहार में मशरूम खेती को बढ़ावा, महिलाओं को मिलेगी 90% सब्सिडी का लाभ