दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर लगाम कसने के लिए योगी सरकार ने कमर कस ली है। 8 से 17 अक्टूबर तक चल रहे विशेष अभियान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने अब तक 4621 जगहों का निरीक्षण किया। इनमें 2085 छापे मारे गए और 2853 नमूनों की जांच हुई। अभियान का मकसद है कि बाजार में आने वाली मिठाइयों, दूध उत्पादों और तेलों में कोई मिलावट न हो। मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह ड्राइव चल रही है, जिसमें टोल प्लाजा से लेकर हाईवे तक नजर रखी जा रही है। डॉ. रोशन जैकब, खाद्य सुरक्षा विभाग की सचिव ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा।
अभियान में शीघ्र खराब होने वाली चीजों को मौके पर ही जब्त कर नष्ट किया जा रहा है। कुल 2993 क्विंटल मिलावटी सामग्री पकड़ी गई, जिसका बाजार मूल्य करीब 3.88 करोड़ रुपये है। इनमें से 1155 क्विंटल को तुरंत नष्ट कर दिया गया, जिसकी कीमत 1.75 करोड़ बताई जा रही है। यह कार्रवाई न सिर्फ मिलावट रोक रही है, बल्कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित रखने में मददगार साबित हो रही।
दूध, खोया और पनीर में भारी मिलावट: लाखों का माल जब्त, नष्ट
अभियान की सबसे बड़ी कामयाबी दूध उत्पादों पर आई। उन्नाव में 215 किलो खोया जब्त कर नष्ट किया गया। मथुरा से 400 किलो मिलावटी पनीर पकड़ा गया, जो खाने लायक नहीं था। लखनऊ में 802 किलो खोया नष्ट हुआ। झांसी के कारोबारियों के पास 1200 किलो खोया मिला, जबकि हाथरस में 790 किलो मिलावटी आचार जब्त हुआ और 3000 किलो खराब आचार फेंक दिया गया। बुलंदशहर से 3000 किलो रसगुल्ला व गुलाब जामुन पकड़े गए। मीरजापुर में 1478 किलो खोया, सहारनपुर में 1100 किलो खोया नष्ट।
ये भी पढ़ें- पीएम सूर्य घर योजना की रफ्तार धीमी, 1 करोड़ घरों का लक्ष्य, अभी सिर्फ 13% ही पूरा
हापुड़ में 6000 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त हुआ, जो मिलावटी था। कानपुर देहात से 500 लीटर दूध, 400 किलो खोया, 2200 किलो बर्फी, 250 किलो पेड़ा और 358 किलो स्वीट केक नष्ट किए गए। गोरखपुर में 1400 किलो पनीर-खोया पकड़ा गया, साथ ही 1000 लीटर खराब सरसों तेल फेंका गया। मेरठ में 71 लीटर पामोलीन तेल और 20 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर जब्त, जबकि 35 किलो रसगुल्ला, 180 किलो पनीर और 2500 किलो खोया नष्ट। एटा से 340 लीटर सरसों तेल और 900 किलो घी फेंके गए। खीरी में 871 किलो सामग्री जब्त, 50 किलो नष्ट। आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर में भी लाखों का मिलावटी माल नष्ट हुआ।
उन्नाव-मथुरा-लखनऊ में FIR, हाईवे पर टोल से मिठाई जब्त
अभियान में कानूनी कार्रवाई भी तेज हुई। उन्नाव, मथुरा और लखनऊ में भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत तीन FIR दर्ज की गईं। हाईवे पर चल रही चेकिंग में साहिबाबाद टोल से 750 किलो पनीर, हापुड़ टोल छिजारसी से 1500 किलो पनीर जब्त। एनएच 34 और जीटी रोड कानपुर से 4040 किलो खोया पकड़ा गया। बाराबंकी टोल से 910 कार्टन मिलावटी मिठाई, कानपुर पनकी रोड से 2450 किलो खोया नष्ट। यह चेकिंग सुनिश्चित कर रही है कि यात्रियों को भी शुद्ध सामान मिले।
मिलावट की खबर दें, हेल्पलाइन पर कॉल करें
डॉ. रोशन जैकब ने कहा, “मिलावटखोरी के खिलाफ पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चल रहा है। शीघ्र नष्ट होने वाली चीजें मौके पर ही नष्ट की जा रही हैं।” उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अगर कहीं मिलावट, नकली उत्पाद या संगठित कारोबार की जानकारी हो, तो गोपनीय सूचना दें। टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-180-5533 पर कॉल करें। व्हाट्सएप पर 9793429747 (खाद्य मिलावट के लिए) और 8756128434 (नकली दवाओं के लिए) पर मैसेज भेजें। गोपनीयता बरती जाएगी, और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
यह अभियान त्योहारों को स्वस्थ बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। गाजीपुर जैसे जिलों में भी टीमें सक्रिय हैं, ताकि कोई मिलावटी मिठाई बाजार न पहुंचे।
ये भी पढ़ें- किसानों को कर्जमाफी की आदत लग गई, महाराष्ट्र मंत्री के बयान पर मचा बवाल, विपक्ष ने मांगा इस्तीफा
