गन्ने की खेती करने वाले किसानों के लिए खुशखबरी! दो नई उन्नत किस्मों के बीज की 3 फरवरी से बुकिंग शुरू

गन्ने की खेती करने वाले किसान भाइयों के लिए एक अच्छी खबर है। इस समय बसंतकालीन गन्ने की बुवाई का समय आ गया है और प्रदेश सरकार की ओर से गन्ने की दो उन्नत किस्मों के बीजों की बुकिंग शुरू कर दी गई है। किसानों को इन नई किस्मों के बीज किफायती दामों में दिए जाएंगे, जिससे उन्हें ज्यादा पैदावार और अच्छा मुनाफा मिलेगा।

इस योजना के तहत किसानों को गन्ने की दो नई किस्में – को.शा. 18231 और को.लख. 16202 के मिनी सीड किट उपलब्ध कराए जाएंगे। बुकिंग ऑनलाइन पोर्टल पर 3 फरवरी 2025 से सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है। जो किसान गन्ने की इन नई किस्मों के बीज लेना चाहते हैं, वे ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बीजों का वितरण 15 फरवरी 2025 से शुरू होगा।

गन्ने की नई किस्म को.शा. 18231 की खासियत

इस नई किस्म को प्रदेश गन्ना शोध संस्थान ने विकसित किया है। यह लाल सड़न रोग प्रतिरोधी किस्म है और इससे उगने वाला गन्ना मोटा और मजबूत होता है। यह किस्म बेहतर जमाव, अधिक कल्ले और ज्यादा उत्पादन के लिए जानी जाती है। इस किस्म से किसान 900 से 920 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक गन्ने की पैदावार ले सकते हैं।

गन्ने की नई किस्म को.लख. 16202 की खासियत

इस किस्म को कोयंबटूर और लखनऊ गन्ना प्रजनन केंद्रों के सहयोग से विकसित किया गया है। यह किस्म उकठा और लाल सड़न रोग के प्रति प्रतिरोधी है। इस किस्म से 920 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक गन्ना प्राप्त किया जा सकता है और इससे चीनी मिलों को बेहतर चीनी परता भी मिलता है।

इन नई किस्मों के बीज कहां से मिलेंगे?

किसानों के लिए इस साल गन्ने की को.शा. 18231 और को.लख. 16202 किस्मों के कुल 4.90 लाख मिनी सीड किट और 350 लाख बड उपलब्ध कराए गए हैं। इन बीजों को प्राप्त करने के लिए किसानों को बुकिंग का सत्यापन कराना होगा, जिसके बाद बीज नजदीकी गन्ना शोध केंद्र से वितरित किए जाएंगे।

  • को.शा. 18231 बीज: शाहजहांपुर और मुजफ्फरनगर केंद्रों से उपलब्ध होगा।
  • को.लख. 16202 बीज: मुजफ्फरनगर और सुल्तानपुर केंद्रों से प्राप्त किया जा सकता है।

पुराने बीजों का इस्तेमाल न करें!

गन्ना विभाग के निदेशक वी.के. शुक्ला ने किसानों को पुराने या रोगग्रस्त बीजों का इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि नई और उन्नत किस्मों के बीजों का चयन करने से उत्पादन बेहतर होगा और किसानों को अधिक लाभ मिलेगा।

गन्ने की इन किस्मों के बीजों की बुकिंग कैसे करें?

किसानों को बीजों की बुकिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। किसान गन्ना विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर मिनी सीड किट की बुकिंग कर सकते हैं।

  • बुकिंग के समय ही किसानों को भुगतान करना होगा।
  • बुकिंग के लिए कृषक कोड का उपयोग करना होगा।
  • एक किसान अधिकतम 100 बड (सिंगल बड) तक बुकिंग कर सकता है।
  • बुकिंग के बाद बीजों का वितरण 15 फरवरी 2025 से शुरू होगा और किसानों को इसकी जानकारी SMS के जरिए दी जाएगी।
  • बीज लेने के लिए किसान अपने नजदीकी शोध केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।

अधिक जानकारी और संपर्क सूत्र

गन्ने की इन नई किस्मों और बुकिंग से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान निम्नलिखित वेबसाइटों और हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं:

  1. चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की वेबसाइट: www.upcane.gov.in
  2. उत्तर प्रदेश गन्ना अनुसंधान परिषद की वेबसाइट: www.upcsr.org
  3. टोल फ्री नंबर: 1800-121-3203

किसान भाइयों, अगर आप गन्ने की खेती करते हैं, तो इस सुनहरे मौके को हाथ से न जाने दें। अभी ऑनलाइन बुकिंग करें और बेहतर उत्पादन के लिए उन्नत किस्मों के बीजों का चयन करें।

Author

  • Shashikant

    नमस्ते, मैं शशिकांत। मैं 2 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं। मुझे खेती से सम्बंधित सभी विषय में विशेषज्ञता प्राप्‍त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी एकदम सटीक ताजा खबरें बताऊंगा। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको 'काम की खबर' दे सकूं। जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप Krishitak.com के साथ जुड़े रहिए।

    View all posts

Leave a Comment