डिजिटल फार्मर आईडी क्या है? जानिए फायदे, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

Digital Farmer ID: पिछले कुछ सालों में खेती के क्षेत्र में आधुनिक और डिजिटल तकनीकों का प्रयोग बढ़ा है। इसी कड़ी में सरकार ने किसानों की डिजिटल फार्मर आईडी बनाने की घोषणा की थी। इसके तहत 07 फरवरी 2024 तक देश के दो करोड़ से अधिक (2,05,59,196) किसानों की आईडी बनाई जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य है कि 2026-27 तक 11 करोड़ किसानों की डिजिटल फार्मर आईडी बनाई जाए। यह किसान डेटाबेस महिला किसानों सहित सभी भूमि धारक किसानों को कवर करेगा।

फार्मर आईडी में लैंड रिकॉर्ड की जानकारी भी जोड़ी जाती है, जिसे राज्य सरकारें समय-समय पर अपडेट करती हैं। इसमें विरासत और भूमि के लेनदेन की जानकारी भी शामिल होती है, जिससे जमीन से संबंधित सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहते हैं।

फार्मर आईडी के फायदे

डिजिटल फार्मर आईडी के बाद किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेना आसान हो जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PMKSNY), फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी शामिल है। इसके अलावा, किसानों को सब्सिडी और लोन प्राप्त करने में भी आसानी होगी।

फार्मर आईडी से किसानों के लैंड रिकॉर्ड की जानकारी डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगी, जिससे बार-बार KYC कराने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और पैसे की बचत होगी। इसके अलावा, सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी को रोकने में भी मदद मिलेगी, जिससे योजनाओं का लाभ सही किसान तक सीधे पहुंच सकेगा।

किसान आईडी के लिए आवश्यक पात्रता

डिजिटल फार्मर आईडी के लिए पात्रता और दस्तावेजों की जानकारी इस प्रकार है:

  • आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए
  • किसान की उम्र 18 साल से अधिक होनी चाहिए
  • आवेदक के पास खेती की जमीन होनी चाहिए

आवश्यक दस्तावेज

डिजिटल फार्मर आईडी के लिए निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होती है:

  • आधार कार्ड
  • खुद का बैंक खाता
  • बैंक पासबुक और पैन कार्ड
  • भूमि के दस्तावेज (खसरा-खतौनी, जमाबंदी आदि)
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • मोबाइल नंबर और ई-मेल

कैसे करें आवेदन?

डिजिटल फार्मर आईडी के लिए आवेदन करने के लिए जन सेवा केंद्र पर जा सकते हैं। इसके अलावा, गांव-गांव में लगाए जा रहे कैंप में भी आईडी बनवाई जा सकती है। आप ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

ये भी पढ़ें- सरकार दे रही जायद फसलों के बीजों पर बंपर सब्सिडी जानें, उर्द, मूंग और मक्का के बीजों का रेट

Author

  • Shashikant

    नमस्ते, मैं शशिकांत। मैं 2 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं। मुझे खेती से सम्बंधित सभी विषय में विशेषज्ञता प्राप्‍त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी एकदम सटीक ताजा खबरें बताऊंगा। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको 'काम की खबर' दे सकूं। जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप Krishitak.com के साथ जुड़े रहिए।

    View all posts

Leave a Comment